एस. एम. शेट्टी स्कूल का दोहरा धमाका, हिंदी-संस्कृत समूहगान में प्रथम

Spread the love

अहमदाबाद में क्षेत्रीय प्रतियोगिता में शानदार जीत, 29 नवंबर को नोएडा में राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे दम

मुंबई, प्रतिनिधि। भारत विकास परिषद, पश्चिम क्षेत्र की ओर से 25 अक्टूबर को अहमदाबाद में आयोजित क्षेत्रीय स्तर की राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में मुंबई के पवई-चांदीवली स्थित एस. एम. शेट्टी हाई स्कूल एवं जूनियर कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल की। विद्यालय की टीम ने हिंदी और संस्कृत, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर मुंबई कोंकण प्रांत और पश्चिम क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। इस जीत के साथ टीम ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की कर ली है।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सुमधुर गायन, सुरों के बेहतरीन तालमेल और अनुशासित प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया। दोनों भाषाओं में शीर्ष स्थान हासिल करना टीम की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और संगीत के प्रति समर्पण का परिणाम है। इस उपलब्धि से विद्यालय, भारत विकास परिषद की पवई-चांदीवली शाखा तथा मुंबई कोंकण प्रांत में खुशी की लहर है।

विजेता टीम में शरण्या हेगड़े, आयुर्था देसाई, ग्रीष्मा कांबले, हार्दिकी पाटिल, अंश सानिल, ऋत्विक शेट्टी, दक्ष शेट्टी और कुणाल कदम शामिल थे। वाद्य संगीत में विनायक ललित और शुभम सालुंखे ने शानदार संगत देकर प्रस्तुतियों को प्रभावशाली बनाया। विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा शाखा और प्रांत के कार्यकर्ताओं के समर्पण का भी अहम योगदान रहा।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद, पश्चिम क्षेत्र के संयुक्त महासचिव महेश शर्मा, मुंबई कोंकण प्रांत के महासचिव सीमांत प्रधान, क्षेत्रीय संपर्क संयोजक आर. सी. जैन और क्षेत्रीय पर्यावरण संयोजक संजय पोद्दार उपस्थित रहे।

अब राष्ट्रीय खिताब पर नजर

क्षेत्रीय प्रतियोगिता में दोहरी जीत दर्ज करने वाली यह टीम अब 29 नवंबर को नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मुंबई कोंकण प्रांत और पश्चिम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेगी। टीम की सफलता से सभी को राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।

भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है। हिंदी एवं संस्कृत में देशभक्ति गीतों के सामूहिक गायन के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

एस. एम. शेट्टी हाई स्कूल एवं जूनियर कॉलेज की यह उपलब्धि शिक्षा के साथ संस्कृति और राष्ट्रभावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। अब सभी की निगाहें नोएडा में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां टीम से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

*एस एम शेट्टी हाई स्कूल और जूनियर कॉलेज*

 

प्रतिभागी-

सुश्री शरण्या हेगड़े

सुश्री आयुर्था देसाई

सुश्री ग्रीष्मा कांबले

सुश्री हार्दिकी पाटिल

सुश्री अंश सानिल

सुश्री ऋत्विक शेट्टी

सुश्री दक्ष शेट्टी

सुश्री कुणाल कदम

वादक/कलाकार का नाम –

विनायक ललित

शुभम सालुंखे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *