सिंहस्थ कुंभ में श्रद्धालुओं को योग एवं संगीत थेरेपी का मिलेगा दिव्य अनुभव

Spread the love

महाराष्ट्र ( नासिक ) ५ जुलाई २६

आगामी सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के क्रम में भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र की आध्यात्मिक आघाड़ी के प्रदेशाध्यक्ष तुषार भोसले एवं पालघर पीठाधीश्वर एवं योग प्रमुख महाराष्ट्र प्रदेश ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज के मध्य नासिक में सौहार्दपूर्ण एवं सार्थक भेंट हुई। बैठक में सिंहस्थ कुंभ को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से अधिक प्रभावशाली बनाने हेतु विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान आचार्य श्री ने बताया कि सिंहस्थ कुंभ में तीन अखाड़ों का शाही स्नान नासिक पंचवटी में तथा दस अखाड़ों का शाही स्नान त्र्यंबकेश्वर महादेव में प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियाँ व्यापक स्तर पर चल रही हैं।

इस अवसर पर ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज ने सुझाव दिया कि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए योग एवं संगीत थेरेपी की विशेष व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि भगवान आदियोगी शिव ने विश्व को योग का अमूल्य ज्ञान दिया तथा उनके डमरू से नाद एवं संगीत की उत्पत्ति मानी जाती है। इसलिए सिंहस्थ कुंभ में योग साधना के साथ नाद योग एवं संगीत चिकित्सा का आयोजन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेगा। इस विशेष प्रस्तुति का संचालन स्वयं योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज द्वारा किए जाने का प्रस्ताव रखा गया।

आचार्य श्री ने योगीराज द्वारा महाराष्ट्र सहित पूरे देश में योग, संगीत, संस्कृति एवं राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने वर्षा ऋतु के उपरांत पालघर पीठ में सनातन संस्कृति एवं संत परंपरा पर आधारित एक विराट संत सम्मेलन आयोजित करने की भी संस्तुति की तथा विशेष रूप से युवाओं से भारतीय संस्कृति, योग एवं राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *