चंडीगढ़ – एरोकॉम टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, चंडीगढ़ में आध्यात्मिक मार्गदर्शक योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज द्वारा सेव सेल्फ स्ट्रेस मैनेजमेंट (Save Self Stress Management) विषय पर एक प्रभावशाली एवं प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कंपनी के निदेशक श्री सुखबीर सिंह एवं उनकी पूरी टीम ने योगीराज का हार्दिक स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक श्री सुखबीर सिंह ने कहा कि आज के समय में आईटी फील्ड की नौकरी अत्यधिक तनावपूर्ण होती जा रही है। कर्मचारियों को लंबे समय तक कंप्यूटर पर कार्य करना पड़ता है, जिससे शारीरिक पोश्चर बिगड़ने के साथ-साथ मानसिक तनाव, थकान, सर्वाइकल, स्पॉन्डिलाइटिस, मोटापा एवं अन्य जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां धीरे-धीरे घेर लेती हैं। ऐसे में योगीराज द्वारा दिया गया “Save Self” का संदेश और तनाव प्रबंधन के सरल, व्यावहारिक एवं जीवनोपयोगी उपाय अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।
योगीराज ने अपने सत्र में श्वास, खान-पान एवं जीवनशैली संतुलन पर विशेष मार्गदर्शन दिया तथा कर्मचारियों को कार्य के बीच छोटे-छोटे योग अभ्यास, सही बैठने की मुद्रा (पोश्चर), मानसिक एकाग्रता एवं आत्म-सुरक्षा (Self Care) के महत्व को समझाया।
विशेष आकर्षण के रूप में बांसुरी की मधुर धुन पर ध्यान (Meditation), ब्यूटी योगा तथा अंत में माउथ ऑर्गन पर राष्ट्रगान की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी कर्मचारियों को भावविभोर कर दिया और पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर एरोकॉम टेक्नोलॉजी की टीम ने योगीराज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सत्र कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, कार्यक्षमता एवं सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने में अत्यंत सहायक हैं। साथ ही उन्होंने संकल्प लिया कि आने वाले समय में चंडीगढ़ एवं पंजाब स्तर पर सेव सेल्फ स्ट्रेस मैनेजमेंट (Save Self – Stress Management ) का एक बड़ा आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवा एवं प्रोफेशनल वर्ग लाभान्वित हो सके।
यह कार्यक्रम आधुनिक कॉर्पोरेट जीवन में योग, संगीत एवं ध्यान के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।

