गुजरात ( अहमदाबाद ) कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का गुरुवार को अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, इस वर्ष 31 मार्च को राजस्थान के उदयपुर शहर में स्थित अपने घर में आरती करते समय वह गंभीर रूप से झुलस गई थीं। इसके बाद व्यास को तुरंत उदयपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया और बाद में उन्हें आगे के उपचार के लिए अहमदाबाद रेफर कर दिया गया।
दीये से दपट्टे में लग गई थी आग
उनके भाई गोपाल शर्मा ने बताया कि गुरुवार शाम अहमदाबाद के अस्पताल में उनका निधन हो गया और उनका शुक्रवार को उदयपुर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, व्यास घर में गणगौर पूजा कर रही थीं। वह आरती कर रही थीं, उसी दौरान उनके दुपट्टे में नीचे जल रहे दीये से आग लग गई और परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.
