उत्तर प्रदेश ( वाराणसी ) 25 नवंबर 2026
भगवान शिव की नगरी काशी में देव दीपावली की दिव्य आभा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच महाराष्ट्र के पालघर से प्रारंभ हुई 14 दिवसीय राष्ट्रीय जनजागरण यात्रा ‘स्वयं को जानें – आत्मजागरण यात्रा (द्वितीय चरण)’ का भव्य समापन हुआ। ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज, पालघर पीठाधीश्वर, महाराष्ट्र के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में योग, अहिंसा, आत्मजागरण, मानसिक शांति, स्वास्थ्य, करुणा, मानवता और विश्व बंधुत्व का संदेश पहुँचाया।
श्री हरि नारायण सेवा संस्थान, पालघर एवं अहिंसा योग के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान को यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, महिला संगठनों और गणमान्य नागरिकों का व्यापक समर्थन एवं आत्मीय स्वागत प्राप्त हुआ।
काशी में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने किया योगीराज का स्वागत
काशी में यात्रा के दौरान विधायक श्री सौरभ श्रीवास्तव ने ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज एवं अहिंसा योग यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विश्व को ऐसी अहिंसा यात्रा की नितांत आवश्यकता है।
उन्होंने अहिंसा, शांति और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने वाले ऐसे प्रयासों को आज के सामाजिक और वैश्विक परिवेश में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
काशी की नारी शक्ति ने दिया अभियान को समर्थन
यात्रा को काशी की नारी शक्ति का भी विशेष सहयोग मिला। भाजपा महिला प्रकोष्ठ की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की संयोजक श्रीमती सुष्मिता सेठ ने काशी की महिलाओं के साथ योगीराज का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा, “हम सब नारी शक्ति महाराज जी के साथ हैं।”
महिलाओं की इस सहभागिता ने अहिंसा योग अभियान को महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता, पारिवारिक संस्कारों और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
काशी स्मृति संघ ने की विश्व शांति अभियान की सफलता की कामना
काशी स्मृति संघ के अध्यक्ष श्री अरुण मिश्रा ने अपने सहयोगियों के साथ अहिंसा योग यात्रा का स्वागत एवं समर्थन किया। उन्होंने माँ गंगा और बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि योगीराज द्वारा प्रारंभ की गई यह मुहिम व्यापक सफलता प्राप्त करे और अहिंसा, मानवता तथा विश्व शांति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुँचे।
इस अवसर पर योगीराज के काशी और माँ गंगा से जुड़े पुराने सांस्कृतिक एवं संगीतात्मक संबंधों की भी चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि लगभग 25 वर्ष पूर्व योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज ने माँ गंगा पर आधारित हिंदी फीचर फिल्म ‘तुम्हारी गंगा’ में संगीत निर्देशन किया था और फिल्म के लिए दो गीत भी गाए थे। काशी और माँ गंगा से उनका यह पुराना जुड़ाव यात्रा के दौरान विशेष भावनात्मक संदर्भ के रूप में सामने आया।
पालघर से हुई थी 14 दिवसीय राष्ट्रीय यात्रा की शुरुआत
12 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के पालघर से प्रारंभ हुई इस यात्रा का उद्देश्य केवल विभिन्न शहरों तक पहुँचना नहीं, बल्कि समाज में आत्मजागरूकता, अनुशासन, करुणा, अहिंसा और सकारात्मक जीवनशैली की भावना विकसित करना था।
यात्रा के प्रारंभिक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री कृष्ण प्रकाश ने अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज और विश्व को नई दिशा देने वाला प्रयास बताया। पालघर के पुलिस अधीक्षक श्री यतीश देशमुख ने भी योगीराज का स्वागत कर यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इसके बाद यात्रा त्र्यंबकेश्वर, छत्रपति संभाजीनगर, नागपुर, जबलपुर और रीवा सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश पहुँची।
नागपुर और रीवा में मिला सामाजिक संगठनों का सहयोग
नागपुर में होटल पार्क गार्डेनिया, फ्रेंड्स कॉलोनी चौक पर यात्रा दल का स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री सुरेश चंद्र गुप्ता, श्री नरेश बरडे, श्री सुरेश कोंगे, श्री सुरेश कालभूत, श्रीमती बबली तिवारी सहित अनेक सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने अहिंसा योग के संदेश में गहरी रुचि दिखाई और नागपुर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।
मध्य प्रदेश के रीवा में नगर निगम अध्यक्ष श्री वेंकटेश पांडे, मीडिया प्रभारी श्री रामाशंकर गुप्ता, समाजसेवी श्री पवन पांडे सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने योगीराज एवं यात्रा दल का स्वागत किया।
इस दौरान योगीराज की बांसुरी से प्रस्तुत भजन, नवकार महामंत्र और अन्य आध्यात्मिक मंत्रों की मधुर स्वर लहरियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सनातन अनुसंधान केंद्र ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन
सनातन अनुसंधान केंद्र के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिषेक द्विवेदी (गणेश जी) ने अपनी पूरी टीम के साथ योगीराज का अभिनंदन किया। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि इस मुहिम में सभी लोग कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और गुरुजी के निर्देश पर देश के किसी भी कोने में जाकर सहयोग प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर जौनपुर से श्री संदीप सिंह, जफराबाद विधानसभा के भावी प्रत्याशी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने भी अभियान का स्वागत करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कुटीर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चक्के में महाविद्यालय के प्रबंधक श्री अजयेंद्र दुबे ने योगीराज एवं यात्रा दल का अभिनंदन किया। उन्होंने वर्तमान विश्व में अहिंसा योग की आवश्यकता पर बल दिया और यात्रा के ईंधन व्यय के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
बांसुरी साधना और नादयोग बना यात्रा का विशेष आकर्षण
इस राष्ट्रीय अभियान की एक विशिष्ट पहचान योगीराज की बांसुरी साधना और नादयोग के माध्यम से ध्यान एवं आंतरिक शांति का संदेश रही।
यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर योगीराज ने बांसुरी के मधुर स्वरों के माध्यम से भक्ति, साधना, एकाग्रता और मानसिक शांति का अनुभव कराने का प्रयास किया। नवकार महामंत्र, भजन और आध्यात्मिक धुनों के जरिए उन्होंने संगीत को आत्मजागरण तथा मानवीय संवेदना से जोड़ने का संदेश दिया।
इस संदर्भ में उनकी पूर्व पहल ‘हर हाथ बांसुरी, हर सांस बांसुरी’ का भी उल्लेख किया गया। इस पहल के माध्यम से बच्चों को बांसुरी वादन और भारतीय संगीत-संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया गया था।
देव दीपावली पर काशी से विश्व शांति का नया संकल्प
देव दीपावली के अवसर पर काशी की पावन धरती पर इस यात्रा का समापन एक विशेष आध्यात्मिक अनुभूति का साक्षी बना। गंगा तट पर दीपों की दिव्य आभा के बीच 14 दिवसीय अभियान ने अपने संदेश को एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ाया।
योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज ने इस अवसर पर यात्रा से जुड़े सभी संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों, पत्रकारों, महिला संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों, संस्थाओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अभियान की मूल भावना को रेखांकित करते हुए आत्मजागरण, अहिंसा, करुणा और मानवता को विश्व शांति का आधार बताया।
यात्रा का संदेश स्पष्ट रहा कि जब व्यक्ति स्वयं के भीतर शांति, करुणा और अहिंसा का दीप प्रज्वलित करता है, तभी परिवार, समाज और संपूर्ण विश्व में शांति का प्रकाश फैल सकता है।

