योग, ध्यान और अहिंसा से विश्व कल्याण का संकल्प, नागपुर से काशी के लिए रवाना हुई जनजागरण यात्रा

Spread the love

नागपुर में गूंजा अहिंसा योग और विश्व शांति का संदेश, योगीराज भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज की जनजागरण यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया विदा

महाराष्ट्र ( नागपुर )  14 नवंबर 2026

विश्व शांति, मानव कल्याण, स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और अहिंसा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पालघर से काशी की ओर निकली राष्ट्रीय जनजागरण यात्रा “SAVE SELF – THE AWAKENING YATRA (PHASE-II)” शनिवार को नागपुर पहुंची। यहां ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज का सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने आत्मीय स्वागत और सम्मान किया।

12 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित 14 दिवसीय इस राष्ट्रीय यात्रा का उद्देश्य देश के विभिन्न क्षेत्रों में योग, अहिंसा, आत्मजागरण, मानसिक शांति, स्वास्थ्य, मानवीय संवेदना और विश्व बंधुत्व का संदेश प्रसारित करना है।

पुष्पहार और अंगवस्त्र से हुआ सम्मान, हरी झंडी दिखाकर दी विदाई

नागपुर में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह होटल पार्क गार्डेनिया, फ्रेंड्स कॉलोनी चौक से यात्रा को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने योगीराज भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज का पुष्पहार पहनाकर, अंगवस्त्र एवं भगवा टोपी भेंट कर सम्मान किया। इसके पश्चात यात्रा वाहन को हरी झंडी दिखाकर काशी की ओर रवाना किया गया।

अहिंसा योग विचार, वाणी और व्यवहार की शुद्धि का मार्ग : योगीराज

इस अवसर पर योगीराज ने अपने अभियान के उद्देश्य और अहिंसा योग की प्रासंगिकता पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानव समाज को भौतिक विकास के साथ-साथ आंतरिक जागरण की भी आवश्यकता है। योग, ध्यान, आत्मानुशासन, करुणा और अहिंसक जीवनशैली अपनाकर व्यक्ति स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है और परिवार, समाज तथा राष्ट्र के कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

उन्होंने कहा कि अहिंसा योग का अर्थ केवल शारीरिक हिंसा से दूर रहना नहीं है, बल्कि विचारों, वाणी और व्यवहार में भी प्रेम, करुणा, सहिष्णुता और संवेदनशीलता विकसित करना है। यह किसी एक धर्म या संप्रदाय तक सीमित अभियान नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता को शांति, स्वास्थ्य और सद्भाव के सूत्र में जोड़ने का प्रयास है।

नागपुर में विशेष अहिंसा योग कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह

नागपुर के सामाजिक प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों ने योगीराज के विचारों की सराहना करते हुए उनसे नागपुर में विशेष अहिंसा योग कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग, ध्यान, बांसुरी के आध्यात्मिक संगीत और अहिंसा के संदेश के माध्यम से समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा प्रदान करने की आवश्यकता है।

 

योगीराज ने इस आग्रह का स्वागत करते हुए अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और अहिंसा योग के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने की भावना व्यक्त की।

अनेक गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रमुख रूप से श्री सुरेश चंद्र गुप्ता, संयोजक, श्रीमद् भागवत ज्ञानयज्ञ सप्ताह समिति एवं प्रचार-प्रसार मंत्री, वैश्य एकता परिषद, महाराष्ट्र; श्री नरेश बारडे, अध्यक्ष, वामनराव बारडे स्मृति प्रतिष्ठान; श्री सुरेश कोंगे, ओबीसी संगठन मंत्री; श्री सुरेश कालभूत, सामाजिक कार्यकर्ता; श्रीमती बबली तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता; श्री बालू तायवाडे, श्री मनीष दुबे, श्री बबलू भगत, श्री मोजे, श्री मंगेश मसराम और श्री मनीष कनोजिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन आयुष भारत ने किया।

पालघर से काशी तक जारी यह जनजागरण यात्रा योग, अहिंसा, आत्मजागरण और विश्व बंधुत्व के संदेश के साथ समाज में सकारात्मक चेतना जगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *