महाराष्ट्र ( मुंबई ) परमपूज्य स्वामी गगनगिरी महाराज सिद्ध तपोवन, मनोरी डोंगर, मालाड (पश्चिम), मुंबई में आयोजित गुरु पूर्णिमा सप्ताह महोत्सव श्रद्धा, सेवा, साधना एवं लोककल्याण के विविध कार्यक्रमों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सप्ताह भर चले इस आध्यात्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
महोत्सव के दौरान ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज, पालघर पीठाधीश्वर के मार्गदर्शन में योग, प्राणायाम, ध्यान एवं संगीत चिकित्सा का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। योगीराज ने “स्वस्थ तन, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज” का संदेश देते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को “हर हाथ बांसुरी – हर सांस बांसुरी” जन-जागरण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर काशी से पधारे राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रकांड विद्वान स्वर्गीय आचार्य श्री पीतांबर पाण्डेय जी के शिष्य आचार्य श्री आकाश पाण्डेय जी एवं श्री मणिशंकर शुक्ला जी ने सावन मास के शुभारंभ पर पालघर पीठ के सानिध्य में विश्व शांति, राष्ट्र कल्याण एवं जनमंगल की कामना से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक सम्पन्न कराया। आचार्यगण ने उत्तर प्रदेश सहित देशभर में “हर हाथ बांसुरी – हर सांस बांसुरी” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया।
महोत्सव में विशेष रूप से अमेरिका से पधारे श्री किरण कुमार बाबूराव दामले (VIP Chef) ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि उन्हें वर्ष 1980 से 1999 के दौरान भारत के अनेक प्रधानमंत्रियों एवं राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए अपने हाथों से बने व्यंजनों की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के पश्चात वे अपना शेष जीवन योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज के सानिध्य में जनस्वास्थ्य, सात्त्विक आहार एवं मानव सेवा के कार्यों को समर्पित करना चाहते हैं।
गुरु पूर्णिमा सप्ताह के दौरान अखंड नामस्मरण, श्रीगुरुमूर्ति अभिषेक, योग एवं संगीत चिकित्सा, स्वामी गगनगिरी महाराज की पालखी एवं भजन संध्या, सामूहिक हवन-यज्ञ, महाआरती, महाप्रसाद, बच्चों को पुस्तक वितरण, बांसुरी वादन, वृक्षारोपण, गौसेवा, वृद्ध सेवा तथा लोककल्याण के अनेक सेवा कार्यक्रम उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इन कार्यक्रमों में भाग लेकर सेवा एवं संस्कार का संदेश ग्रहण किया।
महोत्सव के व्यवस्थापक एवं भक्त स्वागताध्यक्ष श्री निशाद अमृतराव पाटणकर ने सभी संत-महात्माओं, विद्वानों, अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परमपूज्य स्वामी गगनगिरी महाराज के मार्गदर्शन एवं ब्रह्मर्षि योगीराज श्री भारत भूषण भारतेंदु जी महाराज के सानिध्य में लोकसेवा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, योग, संस्कार एवं मानव कल्याण के कार्य निरंतर आगे बढ़ाए जाते रहेंगे।
गुरु पूर्णिमा सप्ताह महोत्सव ने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति, सेवा, योग एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रेरणादायी संदेश समाज तक पहुँचाया तथा लोककल्याण के लिए समर्पित अनेक नई योजनाओं का भी शुभारंभ किया।

