महाराष्ट्र ( मुंबई ) – हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद अब नगर निगम चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की है। बुधवार को घोषित नतीजों में राज्य के 10 में से 9 नगर निकायों में भाजपा के मेयर प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि एक सीट पर भाजपा के बागी नेता ने निर्दलीय रूप में जीत दर्ज की।
इस चुनाव में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल सका। इस ऐतिहासिक जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुंबई के पूर्व उप महापौर और वरिष्ठ भाजपा नेता बाबू भाई भवानजी ने कहा कि “यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासवादी दृष्टिकोण की जीत है।”
भवानजी ने अपने बयान में कहा, “हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा को मिली इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं प्रदेश की जनता का हृदय से अभिनंदन करता हूं। यह जीत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी नीतियों में जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। मैं प्रदेश के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि भाजपा के कार्यकर्ता उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। इस महाविजय में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम की बड़ी भूमिका रही है, जिसके लिए मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं।”
इस जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी खुशी जाहिर करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “हरियाणा को है सिर्फ मोदी जी पर विश्वास! विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद अब निकाय चुनावों में भी भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए प्रदेश की जनता का आभार।”
भवानजी ने आगे कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा वार्ड स्तर से लेकर विधानसभा और पंचायत से लेकर संसद तक जनता की पहली पसंद बन चुकी है।” उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी।
मुंबई महानगर पालिका चुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा
भवानजी ने कहा कि हरियाणा की इस ऐतिहासिक जीत से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और मुंबई महानगर पालिका चुनाव में भी भाजपा की जीत तय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “अबकी बार मुंबई में भी कमल खिलेगा और भाजपा का मेयर बनेगा।”