प्रयागराज में ‘सहजकर संवाद’ का आयोजन: GST सुधारों और सरलीकरण पर व्यापारियों को दी गई विस्तृत जानकारी, रजिस्ट्रेशन से रिफंड तक के बदलावों पर चर्चा
तीन कार्य दिवस में GST रजिस्ट्रेशन और 10 दिनों में रिफंड जैसे प्रस्तावों पर हुई परिचर्चा, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का आयुक्त ने दिया आश्वासन
उत्तर प्रदेश ( प्रयागराज ) वस्तु एवं सेवाकर (CGST) आयुक्तालय, इलाहाबाद की ओर से 57वीं जीएसटी परिषद की बैठक में लिए गए जीएसटी सुधारों एवं कर व्यवस्था के सरलीकरण से जुड़े निर्णयों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से गुरुवार को ‘सहजकर संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सिविल लाइंस स्थित जीएसटी भवन के महाकुंभ सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कर सलाहकार और अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कर सलाहकार एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट डॉ. पवन जायसवाल ने जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक में प्रस्तावित सुधारों और सरलीकरण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाते हुए तीन कार्य दिवसों के भीतर रजिस्ट्रेशन प्रदान करने, विलंब शुल्क कम करने तथा रिफंड प्रक्रिया को आसान बनाकर 10 दिनों के भीतर रिफंड उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि 10,000 रुपये से कम की कर राशि के मामलों में जीएसटी नोटिस जारी नहीं करने तथा इस सीमा से कम राशि वाले मौजूदा लंबित नोटिस वापस लेने संबंधी निर्णयों की जानकारी भी कार्यक्रम में साझा की गई।
व्यापारियों को मिलेगी राहत, वस्तुओं की आवाजाही होगी आसान
डॉ. जायसवाल ने वस्तुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने से जुड़े प्रस्तावों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जीएसटी परिषद के निर्णयों के अनुसार वस्तुओं का निरीक्षण, निरुद्धीकरण अथवा जब्ती केवल आपूर्तिकर्ता या गंतव्य राज्य के अधिकारियों द्वारा ही किए जाने का प्रावधान बताया गया है। इसके अलावा अवरोधन के लिए विशिष्ट खुफिया जानकारी और संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारी की मंजूरी आवश्यक होने की जानकारी दी गई।
उन्होंने जीएसटी कानून के अंतर्गत गिरफ्तारी के प्रावधानों में बदलाव तथा अभियोजन की सीमा को एक करोड़ रुपये से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करने की सिफारिशों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन सुधारों का उद्देश्य व्यापारियों के बीच कर अनुपालन को लेकर अनावश्यक भय कम करना और व्यापारिक गतिविधियों को अधिक सहज बनाना है।
व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का आयुक्त ने दिया भरोसा
कार्यक्रम में सेंट्रल जीएसटी आयुक्तालय, इलाहाबाद के आयुक्त श्री रंजीत कुमार ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि जीएसटी से संबंधित उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विभाग और व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर संवाद तथा समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र कुमार गोयल ने भी सहभागिता की और व्यापारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में संयुक्त आयुक्त श्री राहुल टी. परमार ने उपस्थित सभी हितधारकों, व्यापारियों एवं विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में व्यापारी और कर विशेषज्ञ रहे मौजूद
‘सहजकर संवाद’ कार्यक्रम में अधिवक्ता श्री शिव अभिलाष मिश्र, श्री प्यारे लाल गुप्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री सौरव अग्रवाल, श्री रत्नेश केसरवानी, श्री अमित तिवारी, प्रो. अन्नू इंटरप्राइजेज के श्री कमलेश शर्मा, महाशिल्पी एसोसिएट्स के श्री मैकूलाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त सहायक आयुक्त श्री हेमनाथ झा, श्री शैलेन्द्र मोहन भटनागर, अधीक्षक श्री वी.एस. यादव, श्री अनुज मिश्र एवं श्री दिलीप यादव सहित विभागीय अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जीएसटी सुधारों की जानकारी व्यापारिक समुदाय तक पहुंचाना, कर प्रणाली को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाना तथा विभाग और करदाताओं के बीच संवाद को मजबूत करना रहा।
