सटीक एयर स्ट्राइक पीएम मोदी और भारतीय सेना की क्षमता का उत्तम उदाहरण: भवानजी

Spread the love

मुंबई: वरिष्ठ भाजपा नेता और मुंबई के पूर्व उप महापौर बाबूभाई भवानजी ने कहा है कि पाकिस्तान पर सटीक एयर स्ट्राइक पीएम मोदी और भारतीय सेना की क्षमता का उत्तम उदाहरण है। आज एक बयान में भवानजी ने कहा कि भारतीय सेना ने जिस तरह से आतंक वादियों के ठिकानों को नष्ट किया यह भारतीय सेना की बेहतरीन कार्य प्रणाली का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि मोदी जी और अमित शाह जी ने जिस सूझबूझ से यह कदम उठाया उसकी पूरी दुनिया सराहना कर रही है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के अधिकांश देश भारत के साथ खड़े हैं और उसके कदम की सराहना कर रहे हैं। यह भारत सरकार की कूटनीति की जीत है।

उन्होंने कहा कि आज के कदम के लिए वे सेना और सरकार का अभिनन्दन करते हैं। उन्होंने कहा कि एयर स्ट्राइक करके पीएम मोदी ने पहलगाम में मारे गए लोगों को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।

बता दें कि भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को इतनी सटीकता से अंजाम दिया कि डिफेंस एक्सपर्ट भी हैरान हैं. पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर आधी रात एक साथ अटैक किया गया और वह भी न एक इंच इधर, न उधर पाकिस्तान में कुछ ठिकाने रिहायशी इलाकों के बीच थे, लेकिन निशाना इतना सटीक था कि मिसाइलें और फाइटर जेट्स के गिराए बम सीधे तय टारगेट पर गिरे. पूर्व राजनयिक दीपक वोहरा के मुताबिक ऑपरेशन सिंदूर एक क्लासिक केस है. बहुत मुमकिन हैं कि आने वाले दिनों में इसे स्कूलों में पढ़ाया जाए।

भवानजी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना करते हुए इसे आतंकी ढांचे के खिलाफ ‘सटीक हमला’ करार दिया है. रक्षा विशेषज्ञों ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह ‘अपेक्षित’ थी. कुछ विशेषज्ञों ने कहा कि भारत की यह कार्रवाई पाकिस्तान के लिए एक सबक साबित होगी और उन्हें चेतावनी दी गई है कि उन्हें ‘इससे आगे नहीं बढ़ना चाहिए।

भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले के दो हफ्ते बाद सख्त जवाबी कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें आतंकवादी समूहों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के गढ़ भी शामिल हैं. ‘सिक्योरिटी रिस्क एशिया’ के सामरिक मामलों के विशेषज्ञ ब्रिगेडियर राहुल भोंसले (सेवानिवृत्त) ने कहा कि पूर्ववर्ती घटनाक्रम को देखते हुए यह हमला अपेक्षित था।

पहलगाम हमले के जवाब में भारत के मिसाइल हमले के कुछ घंटे बाद विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ढांचे को नष्ट करने और भविष्य में ऐसे किसी हमले को रोकने के लिए ‘नपी-तुली, टकराव को न बढ़ाने वाली, संतुलित और जिम्मेदाराना’ कार्रवाई की।

दिल्ली में BRO (सीमा सड़क संगठन) के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय सेना ने सभी भारतवासियों का मस्तक ऊँचा किया है… हमने जो लक्ष्य तय किए थे उन्हें सटीकता के साथ ध्वस्त किया है और किसी भी नागरिक ठिकाने को प्रभावित न होने देने की संवेदनशीलता भी हमारी सेना ने दिखाई है।

अपने इसी संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हनुमान जी को भी याद किया. उन्होंने कहा, “हमने हनुमान जी के उस आदर्श का पालन किया जो उन्होंने अशोक वाटिका उजाड़ते हुए किया था- जिन्ह मोहि मारा ते मैं मारे. हमने केवल उन्हीं को मारा, जिन्होंने हमारे मासूमों को मारा. रक्षा मंत्री ने फिर से साफ किया कि इस कार्रवाई में केवल आतंकियों को निशाना बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *