मुम्बई : महाराष्ट्र के नवी मुंबई के खारघर में भूषण पुरस्कार समारोह के दौरान हीट स्ट्रॉक की चपेट में आने के कुछ ही घंटों बाद अस्पतालों में 11 लोगों की मौत हो गई। भारी गर्मी के बिच खुले मैदान में हुए इस कार्यक्रम में शामिल क़रीब 100 से अधिक लोगों की तबीयत खराब हो गई। लू लगने से सभी गंभीर रूप से बीमार हो गए। कई लोगों का इलाज चल रहा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार रात पत्रकारों से बातचीत में इन मौतों को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया तथा शिंदे ने मृतक के परिवारों को 5 लाख रुपये दिए जाने की धोषणा की है। अस्पताल में भर्ती लोगों के उचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
रविवार को नवी मुंबई में हुए इस भव्य कार्यक्रम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे।
विस्तृत जानकारी अनुसार खारघर के विशाल कॉरपोरेट पार्क में महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह के लिए भव्य व्यवस्था की गई। वृक्षारोपण अभियान, रक्तदान और चिकित्सा शिविरों के साथ-साथ आदिवासी क्षेत्रों में नशामुक्ति कार्यों के कारण राज्य में बड़ी संख्या में धर्माधिकारी अनुयायी मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि दोपहर में समारोह स्थल पर तापमान 38 डिग्री सेल्सियस था। इतनी गर्मी में लोगों को कई घंटे कड़ी धूप में बैठना पड़ा। लू लगने वाले लोगों को खारघर के टाटा अस्पताल ले जाया गया। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, कुछ मरीजों को नवी मुंबई और पनवेल के अस्पतालों में वेंटीलेटर पर रखा गया है।
ज्ञात हो कि राज्य में 1995 में शिवसेना-भाजपा गठबंधन के सत्ता में आने के बाद महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार की स्थापना की गई थी। शुरुआत में यह पुरस्कार साहित्य, खेल और विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को मिलता था। लेकिन बाद में इसे सामाजिक कार्य, पत्रकारिता, लोक प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी प्रदान किया जाने लगा।
बता दें कि महाराष्ट्र के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों में पारा 40 डिग्री के पार देखा गया है। यह हाल अप्रैल के दूसरे हफ्ते में ही देखा जा रहा है तो और आगे गर्मी का सितम क्या होगा फिलहाल ऐसे में आशंका जताई जा रही है, आगे के समय मे गर्मी का सितम और बढ़ सकता है ।